भाजपा में कार्यकर्ता महत्वपूर्ण, उनमें करें नेतृत्व के गुण विकसित : बीएल संतोष

सदस्यता अभियान की गुरुवार काे आयाेजित समीक्षा बैठक।

जयपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश में चल रहे सदस्यता अभियान की गुरुवार काे पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने समीक्षा बैठक ली। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्यों को अर्जित करने के लिए पूर्व योजनाओं और पूर्ण योजना के साथ कार्यकर्ता जुट जाए। इसके साथ ही उन्होंने जिलाध्यक्षों से आह्वान किया कि वे मंडल और बूथ स्तर पर प्रवास कार्यक्रम बनाए तथा वहां स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सदस्यता अभियान को गति प्रदान करें। बैठक में भाजपा के जिलाध्यक्ष, अभियान से जुड़े प्रभारी, संयोजक और जिलों की टोली के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने कहा कि अपने साथी कार्यकर्ताओं में नेतृत्व के गुण विकसित करें, उनके नेता बनने से आपका कद स्वतः बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा विचार आधारित पार्टी है, यहां कार्यकर्ता अपने कार्य के बल पर महत्वपूर्ण है। सदस्यता अभियान कार्यकर्ता निर्माण की दिशा में पहला कदम है, इसलिए इस पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए त्रि सूत्री मंत्र देते हुए कहा कि प्रतिदिन सदस्य बनाए, मंडल के हर बूथ पर सक्रियता बढ़ाए और सदस्यता अभियान में व्यक्तिगत रेफरल की संख्या बढाई जाए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि देश में विपक्ष भ्रम फैलाकर अराजकता का माहौल बना रहा है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी विदेश में जाकर देश की प्रतिष्ठा धूमिल कर रहे है, संसद में हिन्दुओं को हिंसक बताने की हिमाकत की जा रही है। इतना ही नहीं, देश में आपसी सदभावना को तोड़ने के लिए माहौल बनाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर देश के 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की एकता, अखंडता और संस्कृति के लिए काम कर रहे है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान से जुड़ने के लिए देशभर में उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि भाजपा आरक्षित वर्ग के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र और राज्य में बहुमत मिलने पर सदा उन वर्गों के कल्याण के लिए कदम उठाए गए है। जबकि कांग्रेस और अन्य दल उन्हें केवल वोट बैंक मानते है। पहले आरक्षण लागू करने में काेताही बरतने वाली कांग्रेस आज विदेश की धरती पर जाकर आरक्षण समाप्त करने की बात करती है। पीएम मोदी ने कहा है कि भाजपा के रहते आरक्षण पर कोई आंच नहीं आने देंगे। वहीं दूसरी ओर विपक्ष देश में बांग्लादेश जैसे हालात बनाने की घोषणा कर रहा हैं। जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के घोषणा पत्र को देखकर उनकी सोच का अंदाजा लगाया जा सकता है। कश्मीर में फिर से पुरानी व्यवस्था बहाल करने की घोषणा करने वाली राजनीतिक पार्टी के नेता देश का भला कभी नहीं कर सकते है। ऐसे में हमें भाजपा के विचार को जनता तक पहुंचाने के लिए सदस्यता बढ़ाने की आवश्यकता है।

भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कमजोर मन से नहीं, मजबूत मन के साथ संगठन के कार्य में जुटे, क्योंकि भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ता है। उन्होंने लोकसभा चुनावों के परिणामों की चर्चा करते हुए कहा कि सीटें भले ही कम हुई हो, परन्तु 2019 के मुकाबले 2024 में भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा है और ओड़िसा पहली बार भाजपा की सरकार बनी, आंध्रप्रदेश में हम सरकार के सहयोगी की भूमिका में है, देश के 13 प्रांतों में हमारी सरकार है और 18 प्रांतों में एनडीए सरकार कार्य कर रही है। ये सब भाजपा के कार्यकर्ताओं के संघर्ष और सतत कार्य का परिणाम है।

भाजपा सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि अगले 18 दिनों में सदस्यता को गति देने के लिए तीन महाअभियान चलेंगे। इन सभी अभियानों में प्रदेश से बूथ तक के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि देशभर में सदस्यता को लेकर सकारात्मक रूझान सामने आया है। लोग भाजपा के साथ जुड़कर राष्ट्रीय विचार को राजनीतिक क्षेत्र में मजबूती देने के लिए आगे आ रहे है। सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक डॉ अरूण चतुर्वेदी ने समीक्षा बैठक की प्रस्तावना रखते हुए बताया कि सदस्यता अभियान का प्रथम चरण बुधवार को समाप्त हो गया है। अब 15 अक्टूबर तक अभियान का दूसरा चरण चलेगा। इसमें 29 सितंबर को प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम, पांच और छह अक्टूबर तथा 13 से 14 अक्टूबर को सदस्यता का महा अभियान चलाया जाएगा।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष सहित प्रमुख नेताओं ने इसके बाद दो अन्य बैठकों को भी संबोधित किया। जयपुर संभाग के जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया, वहीं जयपुर संभाग को छोड़कर अन्य संभागों के जनप्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल माध्यम से जुड़कर सदस्यता अभियान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अपेक्षित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

   

सम्बंधित खबर