सुरक्षा कर्मियों की ”आत्म सशक्तीकरण से राष्ट्र सशक्तीकरण“ व तनाव मुक्त जीवन विषयक कार्यशाला रविवार को
- Admin Admin
- Mar 22, 2025

बीकानेर, 22 मार्च (हि.स.)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय माउंट आबू की राजयोग शिक्षा एवं अनुसंधान फाउंडेशन सुरक्षा सेवा शाखा की ओर से 23 मार्च, रविवार को सुबह साढ़े नौ बजे से साढ़े ग्यारह बजे तक ”आत्म सशक्तीकरण से राष्ट्र सशक्तीकरण“ अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित जाएगी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केन्द्र सार्दुल गंज में होने वाली कार्यशाला में सुरक्षा से जुड़े विभिन्न संगठनों के 400 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की संभागीय केंद्र संचालिका बी.के.कमल ने बताया कि राजयोग शिक्षा एवं अनुसंधान फाउंडेशन, माउंट. आबू की सुरक्षा सेवा शाखा के द्वारा राजस्थान के सुरक्षा बलों के लिए आत्म सशक्तीकरण से राष्ट्र सशक्तीकरण अभियान 16 से 30 मार्च, 2025 तक राजस्थान के विभिन्न स्थानों पर चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत बीकानेर के प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र, सादुल गंज, बीकानेर के मैदान में तनाव मुक्त जीवन विषय पर होने वाली कार्यशाला में राजस्थान पुलिस, आर.ए.सी.,रेलवे सुरक्षा बल, चेतक, आपदा प्रबंधन तथा अन्य सैन्य बलों के अधिकारियों सुरक्षाकर्मियों को आमंत्रित किया है।
बी.के.कमल ने बताया कि राजयोग शिक्षा एवं अनुसंधान फाउंडेशन, माउंट आबू की सुरक्षा सेवा शाखा के विशेषज्ञ, अनुभवी वक्ता तनाव मुक्त जीवन पर व्याख्यान देंगे तथा सुरक्षा कर्मियों से संवाद करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव