योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, टारगेट डिफेंस अकादमी में लगाया विशेष शिविर
- DSS Admin
- May 18, 2026
औरैया, 18 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय औरैया के तत्वावधान में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 34 दिवसीय काउंटडाउन डे 2026 के अंतर्गत टारगेट डिफेंस अकादमी में एक दिवसीय विशेष योग शिविर का आयोजन साेमवार काे किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन जीने की जानकारी दी गई।
वरिष्ठ योग प्रशिक्षक एवं योग एवं प्राकृतिक चिकित्सक योगेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि योग वैलनेस सेंटर औरैया में बीते आठ वर्षों से हजारों लोगों को बिना जांच और दवाइयों के स्वस्थ रहने की कला सिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ हो या अस्वस्थ, पुरुष हो या महिला, बच्चा हो या बुजुर्ग, सभी को योग और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्षों से गंभीर एवं जीर्ण रोगों से पीड़ित तथा नशे की लत से परेशान लोगों को भी योग के माध्यम से नशामुक्त कर स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा दी जा रही है।
शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को 14 दिवसीय निशुल्क ऑनलाइन योग अभ्यास कार्यक्रम की जानकारी विशिष्ट लिंक के माध्यम से दी गई। सामूहिक योग अभ्यास में करीब एक सैकड़ा छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया। योग प्रशिक्षक ने दैनिक दिनचर्या में सही तरीके से खड़े होने, बैठने तथा कमर, गर्दन और रीढ़ की हड्डी को सीधा रखने के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
टारगेट डिफेंस अकादमी के संचालक सतीश बघेल की उपस्थिति में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया। शिविर में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 से पूर्व शहर एवं जनपद स्तर पर लगातार योग कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं के साथ-साथ सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
---------------

