कोरबा : दर्री हसदेव डेम में युवती का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
कोरबा, 30 जून (हि. स.)। जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित हसदेव डेम में मंगलवार सुबह एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर दर्री थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान नंदिनी मेहर (30 वर्ष), पिता नरेश मेहर, निवासी नीलगिरी सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना के पीछे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नंदिनी एक ब्यूटी पार्लर में काम सीखने जाती थी। मंगलवार सुबह परिजनों को उसके घर पर नहीं होने की जानकारी मिली। इसी दौरान स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि हसदेव डेम में एक युवती का शव दिखाई दिया है।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
दर्री थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

