संदिग्ध परिस्थितियों में युवती का मिला शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणघटनास्थल पर पहुंचे एसपी की फोटोमृतका की फाइल फोटोरोते विलखते परिजन

अमेठी, 01 जुलाई (हि.स.)। अमेठी कोतवाली क्षेत्र के रणवीरनगर गांव में मंगलवार रात से लापता काजल (19) का शव बुधवार को घर से करीब 200 मीटर दूर खेत के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए।

परिजनों के अनुसार काजल मंगलवार देर शाम घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार को ग्रामीणों ने खेत के पास झाड़ियों में उसका शव देखा, जिसके बाद परिवार और पुलिस को सूचना दी गई। शव मिलने की खबर से गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। परिजनों का आरोप है कि काजल की हत्या की गई है। मृतका की बहन ने बताया कि काजल की गांव के एक युवक से बातचीत होती थी और वह उसे धमकाता भी था। परिवार ने उक्त युवक पर संदेह जताते हुए उसकी भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घटना की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य संकलन तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर