हाईवे किनारे मिले युवक के शव की शिनाख्त, हत्या का मुकदमा दर्ज

कानपुर, 19 जून (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को कानपुर-प्रयागराज हाईवे स्थित न्यू जेके ढाबा के पास मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। परिवार की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि मृतक की पहचान हाथीपुर गांव निवासी गोलू सिंह के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और सिर की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है। पुलिस का मानना है कि किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के कारण उसकी मौत हुई।

परिजनों ने बताया कि गोलू डीसीएम चलाता था और गांव के कुछ लोगों से उसका रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि रुपये मांगने को लेकर पहले भी कहासुनी हुई थी और उसे जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मामले की जानकारी मिलने पर एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

डीसीपी ने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर