गुजरात के कई जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट, तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना
- DSS Admin
- May 09, 2026
अहमदाबाद, 09 मई (हि.स.)। गुजरात में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में आगामी सप्ताह के दौरान भीषण गर्मी और हीटवेव की चेतावनी जारी की है। रविवार से राज्य के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने शनिवार को कच्छ, द्वारका, राजकोट और सुरेंद्रनगर में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अहमदाबाद में आज ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने लोगों से आने वाले दो दिन दोपहर के समय बिना जरूरी काम घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
पूर्वानुमान के अनुसार आज सबसे अधिक गर्मी राजकोट में पड़ सकती है, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा अहमदाबाद और गांधीनगर में 43°C, वडोदरा, भुज और डीसा में 42°C, अमरेली में 43°C, भावनगर में 41°C तथा सूरत में 39°C तापमान रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में 15 मई तक हीटवेव का असर बने रहने की संभावना है, जबकि गुजरात रीजन में 9 से 15 मई के बीच तेज गर्मी का दौर जारी रह सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

