दूसरों को सम्मान देने पर ही आपको सम्मान मिलेगा: मनोज कुमार द्विवेदी
- Admin Admin
- Jan 23, 2025
कानपुर, 23 जनवरी (हि.स.)। पाठ्यक्रम से अलग आयोजित गतिविधियां छात्र-छात्राओं को सफल बनाने में सहायक होंगी। छात्र-छात्राओं को अपनी रुचि व क्षमता के अनुसार अपने व्यक्तित्व को विकसित करने का अवसर मिलता है। प्रत्येक व्यक्ति का अपना अलग महत्व होता है। संपूर्ण शिक्षा प्रणाली आपके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने का प्रयास करती है। दूसरों में निहित प्रतिभा का सम्मान करते हुए जीवन में आगे बढ़ेंगे तो निश्चित रूप से आपका और आपके परिवार के सदस्यों का सम्मान बढ़ेगा। यह बातें गुरुवार को मुख्य अतिथि मनोज कुमार द्विवेदी ने कही।
ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज जवाहर नगर में प्रतिभा अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त शिक्षा निदेशक कानपुर मंडल मनोज कुमार द्विवेदी मौजूद रहे। उन्होंने समग्र शिक्षा माध्यमिक राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग सुनिश्चित करने वाले रुद्र प्रताप सिंह के साथ ही महीयसी महादेवी वर्मा वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों तथा विद्यालय में आयोजित बाल कवि सम्मेलन में स्थान प्राप्त करने वाले 26 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आप अपने व्यक्तित्व में निहित क्षमताओं को पहचानें तथा उन्हें आगे बढ़ाएं, ताकि समाज में आपकी विशेष छवि बने तथा आपके माता-पिता को भी सम्मान मिले। हर व्यक्ति में अलग-अलग विशेषताएं होती हैं। उन्हें पहचानने का प्रयास करें, हो सकता है कि आपके बगल में बैठे विद्यार्थी में आपसे भिन्न योग्यताएं हों इसलिए वह सम्मान का पात्र है। ओंकारेश्वर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के वरिष्ठ संरक्षक डॉ. अंगद सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट किया। प्रबंध निदेशिका डॉ. पूजा अवस्थी ने स्वागत किया। साथ ही विद्यालय के प्रधानाचार्य राम मिलन सिंह ने अतिथियों का परिचय कराया।
हिन्दुस्थान समाचार / Rohit Kashyap



