सांवलियाजी के प्राकट्य स्थल मंदिर के सामने फिर हादसा, नो पार्किंग में खड़े ट्रेलर में घुसी बाइक, युवक की मौत

चित्तौड़गढ़, 09 जून (हि.स.)। जिले के भादसोड़ा थाना क्षेत्र में स्थित श्री सांवलियाजी के प्राकट्य स्थल मंदिर के सामने नेशनल हाईवे-48 पर हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा। सोमवार रात करीब 11 बजे नो पार्किंग में खड़े ट्रेलर के पीछे तेज रफ्तार बाइक जा घुसी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान भीलवाड़ा जिले के आसींद तहसील के इराश निवासी जसवंत पुत्र अम्बालाल भील के रूप में हुई है।

भादसोड़ा थाना के एएसआई अमीचंद ने बताया कि जसवंत सोमवार रात को चित्तौड़गढ़ से उदयपुर की तरफ जा रहा था। यहां प्राकट्य स्थल मंदिर के ठीक सामने सड़क पर खड़े ट्रेलर में पीछे से टकराने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे की सूचना के बाद नेशनल हाईवे एंबुलेंस उसे राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को उप जिला चिकित्सालय मंडफिया की मोर्चरी में रखवाया गया है। यहां मंगलवार को पुलिस की सूचना पर परिजन पहुंचे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम की कार्यवाही करवा रही है।

इधर, जानकारी में सामने आया कि श्री सांवलियाजी प्राकट्य स्थल मंदिर के सामने हाईवे पर कंटेनर, ट्रेलर और ट्रकों का जमावड़ा मौत का कारण बन रहा है। नो पार्किंग जोन होने के बावजूद रोजाना दर्जनों भारी वाहन यहां घंटों खड़े रहते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ और तेज रफ्तार ट्रैफिक के बीच ये खड़े वाहन हर दिन किसी न किसी की जान ले रहे हैं। मंदिर के सामने आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन न मंदिर कमेटी, न नेशनल हाईवे अथॉरिटी और ना ही पुलिस-प्रशासन स्थायी समाधान निकाल रहा है।

---------------

   

सम्बंधित खबर