पानीपत: विदेशी गिफ्ट के बहाने युवती से लाखों की साइबर ठगी
- Vijesh Sharma
- Jul 04, 2026

पानीपत, 04 जुलाई । पानीपत में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती महिला को काफी महंगी साबित हुई। साइबर ठग ने महंगे गिफ्ट का झांसा देकर कस्टम क्लियरेंस व एयरपोर्ट टैक्स के नाम पर लाखों रुपए ठग लिए। शातिर साइबर ठगों ने इसराना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती के बैंक खाते से अलग-अलग स्कैनरों के माध्यम से कुल तीन लाख 71 हजार 900 रुपए ठग लिए। पीड़िता ने जिसकी शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस को दी है।
पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर अपराध थाना पानीपत को दी गई लिखित शिकायत में गांव कुराना निवासी किरण ने बताया कि कुछ समय पहले सोशल मीडिया ऐप इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी बातचीत यश अग्रवाल नाम के एक व्यक्ति से शुरू हुई थी। उस व्यक्ति ने बातचीत के दौरान विदेशी मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया था। किरण ने बताया कि बातों-बातों में यश अग्रवाल ने किरण देवी को विश्वास में ले लिया और कहा कि वह उसके लिए एक बेहद कीमती और विशेष गिफ्ट भेज रहा है। वह उसकी बातों के झांसे में आ गई।
पीड़िता किरण देवी ने बताया कि इंस्टाग्राम पर बात होने के ठीक दो दिन बाद उसके मोबाइल पर एक अन्य भारतीय नंबर से फोन आया। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद को एयरपोर्ट का अधिकारी बताते हुए कहा कि आपका एक कीमती पार्सल/गिफ्ट सामान एयरपोर्ट पर आ चुका है। फोन करने वाले ने कहा कि इस पार्सल को वहां से छुड़ाने और अपने घर मंगवाने के लिए आपको को एयरपोर्ट टैक्स और कस्टम ड्यूटी देनी होगी।
इसके बाद जालसाजों ने किरण देवी के व्हाट्सएप पर ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए कुछ क्यूआर स्कैनर भेजकर कहा कि जैसे ही आप इन स्कैनर्स पर पैसे पे करेंगी, आपका सामान आपके घर डिलीवर कर दिया जाएगा। पार्सल मिलने की चाहत और जालसाजों के झांसे में आकर पीड़िता किरण ने अपने बैंक खाते से उन ठगों द्वारा भेजे गए अलग-अलग स्कैनरों पर पैसे ट्रांसफर करने शुरू कर दिए। ठगों ने डरा-धमकाकर और अलग-अलग बहानों से किरण देवी से कुल तीन लाख 71 हजार 900 रुपए की मोटी रकम अपने खातों में डलवा ली। इसके बाद जब उसने उन नंबरों पर दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने अपने सभी नंबर बंद कर लिए। अब थाना साइबर अपराध शाखा ने महिला द्वारा दिये गए नंबरों को ट्रेस करने में जुट गई है।
---------------

