कृष्णानगर दुष्कर्म और हत्या मामले में युवक गिरफ्तार

नदिया, 16 अक्टूबर (हि.स.)। नदिया जिले की पुलिस ने बुधवार दोपहर एक युवक को एक युवती की कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार किया। पीड़िता का अधजला और अर्धनग्न शव बुधवार सुबह बरामद हुआ था।

जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सबसे पहले जांचकर्ताओं ने पीड़िता की पहचान की और फिर उसके परिवार से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि परिवार की शिकायतों के आधार पर एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन जांच के हित में फिलहाल उसकी पहचान उजागर नहीं की जा सकती।

परिवार के अनुसार, युवती मंगलवार शाम करीब सात बजे घर से निकली थी, लेकिन उसने यह नहीं बताया था कि वह कहां जा रही है। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन स्थानीय पुलिस को तत्काल सूचित नहीं किया।

आज सुबह पीड़िता के दादा उस युवक के घर गए, जिससे युवती परिचित थी। आरोपित द्वारा दिए गए बयानों में विरोधाभास पाकर दादा को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता की पहचान की पुष्टि की, हालांकि उसका चेहरा पूरी तरह से जला हुआ था। परिवार की विशिष्ट शिकायतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़िता का शव सुबह टहलने निकले कुछ स्थानीय लोगों ने देखा, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

   

सम्बंधित खबर