सिलचर में लव जिहाद मामले में युवक गिरफ्तार, नाबालिग हिंदू लड़की से पहचान छिपाकर बनाया रिश्ता

कछार (असम), 02 जुलाई (हि.स.)। सिलचर पुलिस ने गोल्डीघी मॉल क्षेत्र के सिनेमा हॉल में एक नाबालिग हिंदू लड़की के साथ पाए गए युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार, युवक ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर खुद को हिंदू बताते हुए लड़की से लंबे समय से रिश्ता बनाए रखा था। गिरफ्तार युवक की पहचान सुजॉय बरुवा (बरभुइयां) के रूप में हुई है, जो दूधपाटिल क्षेत्र का निवासी है।

बजरंग दल के सदस्यों ने सिनेमा हॉल में दोनों को देखा। इसके बाद उन्होंने युवक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सुजॉय बरभुइयां ने झूठी पहचान बनाकर नाबालिग लड़की से दोस्ती की और धोखे से शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस इन आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है।

इस घटना से सिलचर शहर में तनाव फैल गया है। असम में पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें अंतरधार्मिक संबंधों में पहचान छिपाने के आरोप लगे हैं। कुछ संगठन और राजनीतिक दलों ने इन घटनाओं को ‘लव जिहाद’ करार दिया है।

----------

   

सम्बंधित खबर