जोनल गुलाबगढ़ वॉलीबॉल प्रतियोगिता, 12 टीमों ने दिखाया दमखम

जोनल गुलाबगढ़ वॉलीबॉल प्रतियोगिता, 12 टीमों ने दिखाया दमखम


जम्मू, 01 जुलाई । भारतीय सेना ने रियासी जिले के अरीताल क्षेत्र में जोनल गुलाबगढ़ वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना, सेना और नागरिकों के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करना तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना था। प्रतियोगिता में रियासी जिले के विभिन्न क्षेत्रों की कुल 12 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक जज़्बे का प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने भी बड़ी संख्या में प्रतियोगिता का आनंद लिया। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सामुदायिक संपर्क, सार्वजनिक घोषणाओं और सोशल मीडिया का भी उपयोग किया गया।

टूर्नामेंट के समापन पर विजेता टीम को चैंपियंस ट्रॉफी, उपहार और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया जबकि उपविजेता टीम को भी उपहार और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। भारतीय सेना ने प्रतियोगिता के दौरान सभी खिलाड़ियों और प्रतिभागियों के लिए भोजन और जलपान की भी व्यवस्था की। इस अवसर पर सेना के अधिकारियों और जवानों ने स्थानीय युवाओं से संवाद कर उन्हें खेलों में आगे बढ़ने, समाज के प्रति सकारात्मक योगदान देने और भारतीय सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।

सेना ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देने के साथ-साथ सेना और स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास, सद्भाव और सहयोग को और अधिक मजबूत बनाते हैं।

   

सम्बंधित खबर