सीसुब गुवाहाटी फ्रंटियर में राजभाषा पखवाड़ा का समापन

गुवाहाटी, 27 सितंबर (हि.स.)। सीमा सुरक्षा बल (सीसुब) फ्रंटियर मुख्यालय गुवाहाटी एवं अन्तर्निहित क्षेत्रीय मुख्यालयों तथा वाहिनियों में गत 14 से 27 सितंबर तक हिन्दी पखवाड़ा मनाया गया। हिन्दी पखवाड़ा आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य विभागीय कार्मिकों को शासकीय एवं गैर शासकीय कामकाज में अधिक से अधिक कार्य हिन्दी में करने के प्रति जागरूकता पैदा करना था।

राजभाषा अनुभाग भारत सरकार के निर्देशानुसार 14 से 27 सितंबर तक “हिन्दी पखवाड़ा’’ मनाया गया। इस दौरान हिन्दी भाषी एवं अहिन्दी भाषी कार्मिकों के लिये हिन्दी नोटिंग, ड्राफ्टिंग, हिन्दी निबंध, हिन्दी प्रश्नोत्तरी, हिन्दी लेख, काव्य गोष्ठी एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

फ्रंटियर मुख्यालय गुवाहाटी के महानिरीक्षक मकरन्द देउस्कर की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजभाषा पखवाड़ा का समापन समारोह आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों, अधिनस्थ अधिकारियों एवं सभी प्रतियोगियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान देउस्कर ने उपस्थित कार्मिकों को संबोधित करते हुए बताया कि 14 सितंबर, 1949 को हिन्दी को राजभाषा के रूप में स्वीकार किया गया तभी से शासकीय एवं गैर शासकीय कार्य में हिन्दी के उपयोग को बढ़ावा देने हेतु पखवाड़ा का आयोजन किया जाता है। उन्होंने उपस्थित कार्मिकों से अपने दैनिक कार्यकलापों में हिन्दी का अधिकाधिक उपयोग करने हेतु आह्वान किया।

समारोह के अंत में देउस्कर ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया तथा क्षेत्रीय मुख्यालय सीसुब, धुबड़ी को हिन्दी में सर्वाधिक कार्य कर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर राजभाषा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

   

सम्बंधित खबर