अमृतसर के अनगढ़ में अवैध पटाखा बनाने वाली महिला गिरफ्तार:इसी इलाके में गुरुवार को हुए धमाके में गई थी एक जान
- DSS Admin
- May 23, 2026
अमृतसर के अनगढ़ इलाके में पुलिस ने अवैध पटाखा निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को काबू किया है। एसीपी सुरिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सेंट्रल सब-डिवीजन के अंतर्गत थाना गेट हकीमां की एसएचओ मनजीत कौर और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। कहा पिछले कई दिनों से अनगढ़ क्षेत्र में घरों के भीतर अवैध रूप से पटाखे बनाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। बतादे कि इसी इलाके में गुरुवार को अनगढ़ पुलिस चौकी से मात्र 50 मीटर दूरी पर एक घर में जोरदार धमाका हुआ था, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए थे। इसी घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी और यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने कुलविंदर कौर नाम की एक महिला को भारी मात्रा में अवैध पटाखों और पटाखा बनाने वाले सामान के साथ मौके पर ही काबू किया, जब वह पटाखे बना रही थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा नंबर 147 एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसके खिलाफ आगे की कानूनी और प्रिवेंटिव कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। एसीपी सुरिंदर सिंह ने कहा कि घरों के अंदर अवैध रूप से पटाखे बनाना बेहद खतरनाक है, इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है और जान-माल का भारी नुकसान भी हो सकता है। उन्होंने अनगढ़ क्षेत्र के लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधियां चल रही हों तो तुरंत पुलिस को सूचना दें और ऐसी अवैध गतिविधियों को रोकने में सहयोग करें। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह के गैरकानूनी कार्यों में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पिछले 15 सालों में इस इलाके में बार-बार अवैध पटाखा/बारूद बनाने या स्टोर करने के कारण 8 बड़े धमाके हुए हैं इन धमाकों में कुल मिलाकर 11 लोगों की मौत हो चुकी है, 29 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं (कुछ की आंखें, हाथ या पैर भी चले गए) इन सब की वजह ज्यादातर अवैध पटाखा बनाना, केमिकल मिक्स करना या स्टॉक रखना है ।

