अमृतसर-स्टेशन पर टिकट-जांच के दौरान टीसी और यात्री में खूनी-झड़प:शीशा टूटने से दोनों घायल, बाद में हुआ आपसी समझौता
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
अमृतसर से बीती रात रेलवे स्टेशन पर टिकट जांच को लेकर टीटी और एक यात्री के बीच विवाद खूनी झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें टीटी और यात्री दोनों घायल हो गए। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, यह घटना रात करीब 9 बजे हुई। रेलवे के सीसीटीसी (टीसी) राजबिंदर ने बिना टिकट यात्रा कर रहे कुछ यात्रियों से पूछताछ की। इसी दौरान गुरदासपुर से श्री दरबार साहिब माथा टेकने आए मनप्रीत सिंह और उसके तीन साथियों के साथ कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। शीशा टूटा, दोनों हुए घायल मारपीट के दौरान स्टेशन के एक कमरे में रखी टेबल से टकराने से शीशा टूट गया, जिससे दोनों पक्षों को चोटें आईं। झड़प के बाद कमरा खून से लथपथ मिला। यह देखकर रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। समझौते के बाद शिकायत वापस हालांकि, बाद में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। जानकारी के अनुसार, टीसी ने अपनी शिकायत भी वापस ले ली है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि दोनों को लगी चोटें टेबल का शीशा टूटने से आईं।

