भास्कर न्यूज |अमृतसर थाना लोपोके की पुलिस ने घर के अंदर अवैध शराब निकालने और बेचने के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। एएसआई मुख्तियार सिंह ने बताया कि वे पुलिस टीम के साथ चेकिंग के लिए अड्डा कक्कड़ के पास मौजूद थे, तभी एक मुखबिर ने आकर सूचना दी कि दिलबाग सिंह अपने घर के अंदर ही शराब निकालने और उसे बेचने का काम करता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी के घर पर अचानक रेड कर दी। मौके से पुलिस ने आरोपी दिलबाग सिंह को काबू कर लिया और घर के अंदर से 9 बोतलें अवैध शराब की बरामद कीं। अमृतसर | नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत खिलचियां पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए एएसआई तेजिंदर सिंह ने बताया कि वे अपने साथी पुलिस कर्मचारियों के साथ इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध तत्वों की चेकिंग के लिए गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर जब उसकी गहनता से तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम दंग रह गई। आरोपी के पास से 11,250 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस खेप को इलाके में ग्राहकों को बेचने के इरादे से ले जा रहा था। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान गुलाब सिंह उर्फ गुलाबू पुत्र करबैल सिंह, निवासी भोरसी राजपूतों के रूप में हुई है। खिलचियां पुलिस ने बरामद की गई अवैध शराब को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी गुलाब सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह शराब कहां से लाया था ।

