माछीनंगल में आसमानी बिजली गिरने से किसान का शेड तबाह

अमृतसर| फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित संगतपुरा से सटे गांव माछीनंगल में 11 जून की शाम कुदरत का ऐसा कहर टूटा कि एक झटके में किसान परिवार की कमाई स्वाह हो गई। शाम करीब 7 बजे आसमानी बिजली गिरने ने किसान कुलवंत सिंह और सर्बजीत सिंह के शेड को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनका करीब 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस समय यह हादसा हुआ सर्बजीत सिंह का बेटा मनप्रीत सिंह छत के नीचे खड़े ट्रैक्टर पर बैठकर उसे सही जगह पार्क कर रहा था। अचानक तेज आवाज के साथ आसमान से बिजली कड़की। मनप्रीत ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रैक्टर से नीचे छलांग लगा दी। उसके हटते ही आसमानी बिजली की मार से छत का भारी-भरकम शेड सीधे ट्रैक्टर पर आ गिरा। पीड़ित परिवार के लिए यह जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। अमृतसर से करीब 17 किलोमीटर दूर इस माछीनंगल गांव में ठीक एक महीने पहले (10 मई को) आए भीषण आंधी-तूफान के कारण भी इनका शेड टूट गया था। तब परिवार ने पाई-पाई जोड़कर 2 लाख रुपए खर्च किए और शेड का दोबारा निर्माण करवाया था, जो अब फिर मलबे में तब्दील हो चुका है।

   

सम्बंधित खबर