भास्कर न्यूज| अमृतसर स्टॉलवार्ट्स वर्ल्ड स्कूल में मातृ दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने मातृ दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मां के त्याग, प्रेम और समर्पण को शब्दों के माध्यम से व्यक्त किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भाषण, कविताएं एवं विचारों ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध रेडियो जॉकी आरजे मेघा मेहरा और मोनिका मेहरा उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने प्रेरणादायक शब्दों से माताओं के सम्मान और उनके योगदान के महत्व को उजागर किया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी माताओं के साथ मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम को और भी रोचक बनाने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें माताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

