बरनाला में किसानों का प्रदर्शन:बोले- दो महीने से मनरेगा की मजदूरी नहीं मिली, मेहनत का पैसा रोका जा रहा
- Admin Admin
- Apr 30, 2025
बरनाला में आज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ठुल्लीवाल गांव के मनरेगा मजदूर दो महीने से अपनी मजदूरी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आज मजदूरों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मजदूर नेता जरनैल सिंह और पाल कौर ने बताया कि गांव के करीब 150 मजदूरों ने मनरेगा के तहत काम किया था। दो महीने बीत जाने के बाद भी उनके खातों में मजदूरी नहीं पहुंची है। इससे मजदूर परिवारों की आर्थिक स्थिति खराब हो रही है। मजदूरों का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलता है। लेकिन मजदूरों की मेहनत का पैसा रोका जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि सभी मजदूरों को तुरंत भुगतान किया जाए। मजदूर नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द भुगतान नहीं किया गया तो वे आंदोलन तेज करेंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।



