बरनाला में पति ने पत्नी पर दातर से किया हमला:सिर व शरीर पर किए कई वार; मानसिक परेशान है आरोपी, बेटे की शिकायत पर केस

बरनाला जिले के धनौला क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव फतेहगढ़ छन्ना में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी पर दातर (तेजधार हथियार) से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। धनौला पुलिस ने बेटे के बयानों के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। धनौला पुलिस स्टेशन के एसएचओ (SHO) गुरविंदर सिंह ने बताया कि गांव फतेहगढ़ छन्ना के रहने वाले दिलप्रीत सिंह ने पुलिस को अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता दिलप्रीत सिंह ने बताया कि मेरे पिता चमकौर सिंह का मानसिक संतुलन पिछले कुछ समय से ठीक नहीं रहता है, जिसके कारण वह अक्सर घर में अजीब हरकतें और व्यवहार करते हैं। मामूली विवाद हुआ खूनी कल उनका मेरी माता लखवीर कौर के साथ किसी बात को लेकर मामूली विवाद हो गया था। देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि पिता ने गुस्से में आकर घर में रखा तेजधार दातर उठा लिया। दिलप्रीत के अनुसार, आरोपी चमकौर सिंह ने अपनी पत्नी लखवीर कौर को जान से मारने की नीयत से उन पर हमला किया था। उसने दातर से लखवीर कौर के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर एक के बाद एक कई वार किए। खून से लथपथ महिला चीखते हुए वहीं गिर पड़ी, जिसके बाद परिवार और आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चमकौर सिंह खून से सना दातर मौके पर ही छोड़कर घर से फरार हो गया। पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी सूचना पर पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर वहां से वारदात में इस्तेमाल किया गया दातर और अन्य आवश्यक साक्ष्य अपने कब्जे में ले लिए हैं। एसएचओ गुरविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी चमकौर सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फरार आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। वहीं, अस्पताल में उपचाराधीन महिला की नाजुक हालत पर भी पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।

   

सम्बंधित खबर