बरनाला निगम चुनाव, विरोधियों ने भरे पर्चे, AAP ने नहीं:तीसरे दिन 55 नामांकन, पर सत्ताधारी पार्टी का अभी तक सूची भी नहीं आई

बरनाला नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन जिला प्रशासनिक परिसर में राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर रही। चुनाव कमिश्नर द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, तीसरे दिन विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को मिलाकर कुल 55 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन केंद्र पहुंचे, जिससे परिसर में दिनभर गहमागहमी का माहौल बना रहा। विपक्ष के दिग्गज मैदान में, 'आप' की सूची का अब भी इंतजार नामांकन के दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों और अकाली दल के शहरी अध्यक्ष यादविंदर सिंह बिट्टू दीवाना जैसे बड़े चेहरे नजर आए। इसमें जहां विपक्ष ने पूरी ताकत झोंक दी है, वहीं सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से तीसरे दिन भी उम्मीदवारों की कोई सूची जारी नहीं की गई और न ही किसी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया। 'आप' की इस चुप्पी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। भाजपा और कांग्रेस ने विकास व कानून-व्यवस्था को बनाया मुद्दा भाजपा नेता केवल सिंह ढिल्लों ने नामांकन के दौरान कहा कि शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था, सीवरेज और सड़कों का विकास मुख्य चुनावी मुद्दे हैं। उन्होंने आप सरकार पर चार साल में कोई भी काम पूरा न करने का आरोप लगाया। कांग्रेसी विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों ने दावा किया कि कांग्रेस 45 वार्डों में सीधे और बाकी पर निर्दलीयों के समर्थन से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के मोर्चे पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। अकाली दल की चुनौती और 'धक्काशाही' के खिलाफ चेतावनी शिरोमणि अकाली दल के जिला शहरी अध्यक्ष यादविंदर सिंह बिट्टू दीवाना और पूर्व अध्यक्ष संजीव शोरी ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी सभी वार्डों में चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि आज कुछ उम्मीदवारों के पर्चे भरे गए हैं और बाकी कल दाखिल किए जाएंगे। अकाली नेताओं ने सरकार को सचेत करते हुए कहा कि वे चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की प्रशासनिक 'धक्काशाही' या धांधली को बर्दाश्त नहीं करेंगे। वे सरकार की विफलताओं के मुद्दों पर जनता के बीच जाकर समर्थन मांग रहे हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी ठोंकी ताल, बाठ का मिला साथ पार्टी उम्मीदवारों के अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनावी मैदान में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। जिला योजना बोर्ड के पूर्व चेयरमैन गुरदीप सिंह बाठ ने कई निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल करवाए। बाठ ने कहा कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शहर के विभिन्न वार्डों में उन उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे जिनकी छवि साफ-सुथरी है और जो वास्तव में शहर के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। निर्दलीयों की बढ़ती संख्या ने इस बार के निगम चुनाव को और भी रोचक बना दिया है।

   

सम्बंधित खबर