बरनाला की आईओएल फैक्टरी में जोरदार धमाका:दूर तक सुनाई दी आवाज से इलाके में फैली दहशत, लोहे की चादरें उछलकर गिरीं

पंजाब के बरनाला जिले में फतेहगढ़ छन्ना रोड पर स्थित आईओएल फैक्टरी में जोरदार धमाका हुआ। इस धमाके से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और दूर-दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना शक्तिशाली था कि फैक्टरी की लोहे की चादरें और अन्य सामान काफी ऊंचाई तक उछलकर दूर जा गिरे। घटना के बाद फैक्टरी के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में जानी नुकसान नहीं फैक्टरी के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि इस हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, फैक्टरी को भारी आर्थिक क्षति पहुंचने की आशंका है। धमाके का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। फैक्टरी प्रबंधन और प्रशासन की ओर से घटना को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत जांच कराने की मांग की है ताकि हादसे के असली कारणों का पता चल सके। प्रशासनिक अधिकारी भी मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

   

सम्बंधित खबर