संगरूर में ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर:इलाज के दौरान महिला की हुई मौत, बेटी को ननिहाल छोड़कर लौट रही थी
- Neha Gupta
- Jun 28, 2026
संगरूर के धूरी क्षेत्र में एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने महिला की स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह, जो गांव बमाल के निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी सरबजीत कौर अपनी बेटी लवदीप कौर को उसके ननिहाल, धूरी छोड़कर अपनी जुपिटर क्लासिक स्कूटी पर वापस गांव बमाल लौट रही थीं। गुरप्रीत सिंह स्वयं भी मोटरसाइकिल पर अपनी पत्नी के पीछे आ रहे थे। महिला के सिर में लगी चोट जब सरबजीत कौर कैहरू रोड स्थित एक आटा चक्की के पास पहुंचीं, तभी एक ट्रक चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बिना हॉर्न दिए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सरबजीत कौर स्कूटी समेत सड़क पर गिर गईं और उनके सिर, दाहिने हाथ तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद, एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को सिविल अस्पताल धूरी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें राजिंदरा अस्पताल, पटियाला रेफर कर दिया। पटियाला में जांच के बाद डॉक्टरों ने सरबजीत कौर को मृत घोषित कर दिया। गुरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि यह हादसा ट्रक चालक गुरप्रीत सिंह, निवासी गांव जंडोके, जिला श्री मुक्तसर साहिब की तेज रफ्तार, लापरवाही और असावधानी से वाहन चलाने के कारण हुआ। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

