फरीदकोट हादसे में बाइक सवार युवक की मौत:घर लौटते समय सड़क किनारे बिना लाइट के खड़े ट्रॉले से हुई टक्कर,थाना सदर में केस दर्ज

फरीदकोट के अंतर्गत आते गांव अराईयांवाला कलां में सड़क किनारे लापरवाही से खड़े एक ट्राले के कारण हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसे का मुख्य कारण ट्राले पर किसी भी तरह की लाइट या रिफ्लेक्टर का न होना बताया जा रहा है। मृतक की पहचान गांव मचाकी कलां निवासी साधू सिंह के रूप में हुई है। इस घटना के संबंध में थाना सदर फरीदकोट पुलिस ने ट्राला मालिक जरनैल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अंधेरे में खड़ा था ट्राला, सिर पर लगी गंभीर चोट पुलिस को दिए बयान में गांव अराईयांवाला कलां निवासी नछत्तर सिंह ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे जब वह अपने घर से बाहर निकले, तो उन्होंने देखा कि उनके घर के सामने सड़क पर आरोपी जरनैल सिंह का ट्राला बेहद गलत और लापरवाही भरे तरीके से खड़ा था। ट्राले की न तो कोई लाइट जल रही थी और न ही उस पर कोई रिफ्लेक्टर लगा हुआ था, जिससे वह अंधेरे में दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान गांव मचाकी कलां निवासी साधू सिंह अपनी मोटरसाइकिल से वहां से गुजर रहे थे। रिफ्लेक्टर न होने के कारण वह अंधेरे में खड़े ट्राले को देख नहीं पाए और उनकी मोटरसाइकिल सीधे ट्राले से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि साधू सिंह सड़क पर गिर गए और उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम हादसे के तुरंत बाद घायल साधू सिंह को गंभीर हालत में फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स (AIIMS) बठिंडा रेफर कर दिया गया। लेकिन बेहद गंभीर चोटें होने के कारण उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि नछत्तर सिंह के बयानों के आधार पर थाना सदर पुलिस ने ट्राला मालिक जरनैल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। मृतक के शव का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।” पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि रात के समय सड़कों के किनारे बिना इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर के वाहन खड़े न करें, क्योंकि यह अन्य वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।

   

सम्बंधित खबर