फरीदकोट में कैंटर-कार की टक्कर, एक की मौत, 3 घायल:ढाबे से खाना खाकर लौट रहे थे; पत्नी की कोरोना काल में गई जान

फरीदकोट जिले में कोटकपूरा के मोगा रोड पर शनिवार आधी रात को कैंटर और कार के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले सिविल अस्पताल कोटकपूरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बठिंडा स्थित एम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान गिद्दड़बाहा निवासी तेजपाल छाबड़ा (47) के रूप में हुई और सूचना के बाद थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने जांच शुरू दी है। जानकारी के अनुसार तेजपाल छाबड़ा अपने बहन व रिश्तेदारों से मिलने कोटकपूरा आए हुए थे। देर रात वह अपने रिश्तेदार सुखदर्शन कुमार, अशोक कुमार और जसविंदर पाल के साथ मोगा रोड स्थित एक ढाबे पर भोजन करने के बाद कार से वापस लौट रहे थे। रात करीब एक बजे उनकी कार की सामने से आ रहे एक कैंटर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तेजपाल छाबड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में मृतक के जीजा सुभाष चंद्र ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी की कोरोना काल में मौत हो गई थी। परिजनों के बयान पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी-एसएचओ इस मामले में थाना सिटी कोटकपूरा के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर