फरीदकोट में लूटपाट से पहले 5 बदमाश गिरफ्तार:लूट की साजिश करते पुलिस ने दबोचा, 5 धारदार हथियार बरामद, पहले से 8 केस दर्ज

फरीदकोट जिले की थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते नाकाम कर दिया है। पुलिस ने तेजधार हथियारों के बल पर लूटपाट की साजिश रच रहे एक गिरोह के 5 सदस्यों को वारदात को अंजाम देने से पहले ही धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप सिंह उर्फ सिप्पू, भिंदर सिंह, अमनदीप सिंह उर्फ काका (तीनों जैतो रोड निवासी), आकाश उर्फ गिल (जीवन नगर) और करणदीप सिंह उर्फ कुल्लू (देवी वाला रोड) के रूप में हुई है। लूट के फिराक में थे, तभी पुलिस ने दबोचा एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देशों पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार व एसएचओ इंस्पेक्टर चमकौर सिंह की निगरानी में एएसआई भूपिंदर सिंह टीम के साथ गश्त कर रहे थे। तभी सूचना मिली कि कुछ युवक जैतो रोड बाईपास लिंक रोड पर छिपकर राहगीरों से मोबाइल, नकदी और मोटरसाइकिल लूटने की फिराक में हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी की और पांचों आरोपियों को काबू कर लिया। सूनसान क्षेत्रों करते थे लूटपाट की वारदात पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हमले और डराने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले घातक हथियार भी बरामद किए हैं। बरामद सामान में एक लोहे की पाइप, एक कृपाण, एक दातर, एक लोहे का खंडा और एक लकड़ी का बेसबॉल शामिल है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बाईपास जैसे सुनसान रास्तों का फायदा उठाकर लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले थे, लेकिन समय पर हुई कार्रवाई ने इस संभावित वारदात को रोक दिया। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों पर नशा तस्करी समेठ 8 गंभीर मामले डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से ही नशा तस्करी व अन्य गंभीर अपराधों के कुल 8 मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उनके पिछले अपराधों (बैकवर्ड) और भविष्य की योजनाओं या अन्य साथियों (फॉरवर्ड) के बारे में गहनता से पूछताछ की जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान अन्य वारदातों के खुलासे भी हो सकते हैं।

   

सम्बंधित खबर