फरीदकोट में रहस्यमय हालात में युवक लापता:घर से पानी लेने निकला था, सरहिंद नहर में छलांग लगाने की आशंका, किनारे मिली एक्टिवा

फरीदकोट के डोगर बस्ती निवासी एक 18 वर्षीय युवक के संदिग्ध हालात में लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। युवक की पहचान सुमित कुमार के रूप में हुई है, जो शनिवार दोपहर घर से पानी लेने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। घटना के 24 घंटे बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे परिजन किसी अनहोनी की आशंका को लेकर बेहद चिंतित हैं। जानकारी के अनुसार, डोगर बस्ती की गली नंबर 22 में रहने वाले कन्हैयालाल का बेटा सुमित कुमार शनिवार दोपहर करीब 2 बजे अपनी एक्टिवा पर सवार होकर सरहिंद नहर के किनारे लगे नलके से पानी लेने गया था। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान सुमित की एक्टिवा नहर के किनारे खड़ी मिली, लेकिन सुमित का कहीं पता नहीं चला। पढ़ाई छोड़ चुका था युवक परिजनों ने बताया कि मूल रूप से इलाहाबाद का रहने वाला यह परिवार फरीदकोट में रह रहा है। सुमित ने करीब डेढ़ महीने पहले ही अपनी पढ़ाई छोड़ी थी और इन दिनों वह घर पर ही रह रहा था। पिता कन्हैयालाल ने बताया कि नहर किनारे एक्टिवा मिलने के बाद उन्होंने आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। नहर में छलांग लगाने की आशंका युवक के रहस्यमयी तरीके से गायब होने और नहर किनारे वाहन मिलने के कारण यह आशंका जताई जा रही है कि उसने नहर में छलांग लगा ली होगी। हालांकि, पुलिस अभी किसी भी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पुलिस की जांच जारी थाना सिटी के एसएचओ सब इंस्पेक्टर राजवंत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नहर किनारे एक्टिवा खड़ी करने के बाद युवक किस दिशा में गया। गोताखोरों की मदद लेने और आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की तलाश तेज कर दी गई है।

   

सम्बंधित खबर