फरीदकोट में किसान की मौत:टमाटर लेकर मंडी जा रहा था, हाईवे पर अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर

फरीदकोट में अमृतसर–बठिंडा नेशनल हाईवे पर कोटकपूरा के पास मंगलवार सुबह एक अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव संधवां निवासी बसंत सिंह (45) पुत्र जगसीर सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जानकारी के अनुसार सब्जियां की खेती करने वाला बसंत सिंह अपने खेतों से टमाटरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बेचने के लिए सुबह करीब सवा तीन बजे कोटकपूरा की सब्जी मंडी जा रहा था। जैसे ही वह गांव की संपर्क सड़क से निकलकर अमृतसर–बठिंडा नेशनल हाईवे पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उसकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और बसंत सिंह के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी की जल्द पहचान कर कार्रवाई की जाए-पूर्व सरपंच इस मामले में गांव के पूर्व सरपंच जसविंदर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से हादसे के जिम्मेदार अज्ञात वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

   

सम्बंधित खबर