अबोहर में चार घरों में चोरी की वारदात:कुत्तों को नशीली वस्तु सुंघाया, परिवार सोता रहा; लाखों रुपए का सामान चोर लेकर फरार
- DSS Admin
- May 12, 2026
अबोहर के नई आबादी छोटी पौड़ी क्षेत्र में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक साथ चार घरों को निशाना बनाया। चोरों ने सोने-चांदी के गहने, नकदी और मोबाइल फोन चुरा लिए। इस दौरान सभी परिवार घर में सो रहे थे। चोरों ने एक घर में दो कुत्तों को नशीली वस्तु सुंघाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, चोर नई आबादी गली नंबर 2-3 छोटी पौड़ी में एक सूने मकान की सीढ़ियों का इस्तेमाल कर हिमांशु सोनी पुत्र परमानंद के घर में दाखिल हुए। यहां से उन्होंने सोने-चांदी की 2-3 अंगूठियां, 10 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चुरा लिया। इसके बाद चोरों ने हिमांशु के पड़ोसी प्रवीण बांसल पुत्र हरीश के घर में प्रवेश किया और मंदिर में रखी करीब 1000 रुपये की नकदी चुरा ली। फिर वे प्रतीक शर्मा पुत्र प्रशांत शर्मा के घर में घुसे और वहां से 10 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। चोरों ने सोनी नामक व्यक्ति के मकान में भी लगाई सेंध चोरों ने चांद सोनी नामक व्यक्ति के सूने मकान में भी सेंध लगाई और कमरों में रखा सारा सामान बिखेर दिया। हिमांशु सोनी ने बताया कि रात करीब 3:30 बजे आहट सुनकर उनकी नींद खुली। उन्होंने तीन-चार युवकों को छतों से भागते देखा। चोर घर के पास पड़े एक खाली प्लॉट के रास्ते से फरार हो गए। बताया जाता है कि प्रतीक शर्मा के घर पर दो पालतू कुत्ते हैं जो कि अक्सर 4-5 बजे उठ जाते हैं लेकिन चोरों ने रात को उन्हें भी कुछ सुंघा दिया जिस कारण वे भी सुबह 10 बजे तक नहीं उठे। इधर समाज सुधार सभा के प्रधान राजेश गुप्ता ने रोष जताते हुए कहा कि लाईनपार क्षेत्र में पुलिस गश्त ना होने से चोरों लुटेरों के हौसलें लगातर बुलंद है, करीब 15 दिन में 10 से 12 चोरियों हो चुकी है। लेकिन पुलिस आज तक इनका पता नहीं लगा पाई। उन्होंंने बताया कि वे एसएसपी से मिलकर कई बार लाईनपार क्षेत्र में थाना बनाए जाने की मांग कर चुके हैं लेकिन पुलिस इस मुददे को गंभीरता से नहीं ले रही जिससे असामाजिक तत्वों के हौसलें बुलंद हो रहे हैं

