अबोहर में सफाई कर्मचारियों की छह दिन से हड़ताल:शहर में लगे कचरे के ढेर, निगम चुनाव प्रभावित होने की चेतावनी
- DSS Admin
- May 13, 2026
अबोहर में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर पिछले छह दिनों से पूर्ण हड़ताल कर रखी है। इसके चलते शहर की गलियों और घरों के बाहर कचरे के ढेर लग गए हैं, जिससे आम जनता और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगने के साथ ही कूड़ा डंपों से भी कचरा नहीं उठाया जा रहा है। इससे कूड़ा सड़कों पर फैल गया है। हड़ताल में नगर निगम के कच्चे और पक्के कर्मचारी, टिप्पर चालक और कूड़ा डंप से कचरा उठाने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक कर्मी शामिल हैं। मुकेश सोनी बोले- यह हड़ताल पूरे पंजाब में चल रही है कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मुख्य मांगों में पुरानी पेंशन योजना को बहाल करना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना और ठेका व सोसायटी सिस्टम को बंद करना शामिल है। सफाई सेवक यूनियन के जिला महासचिव मुकेश सोनी ने बताया कि यह हड़ताल पूरे पंजाब में चल रही है। पंजाब की 124 नगर परिषदों और 9 नगर निगमों के करीब 20 हजार सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अबोहर सहित पूरे पंजाब में नगर निगमों के चुनाव होने के बावजूद किसी भी राजनेता या प्रशासनिक अधिकारी ने उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दिया है।मुकेश सोनी ने चेतावनी दी कि उनकी यह हड़ताल आगामी निगम चुनावों पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगी।

