अबोहर में तेज बारिश में झुग्गी पर गिरी दीवार:भाई-बहन और दो बच्चे घायल, मलबे से निकाल अस्पताल में कराया भर्ती, घरेलू सामान बरबाद

अबोहर के आर्य नगर में रविवार सुबह हुई तेज बारिश के दौरान एक झुग्गी पर कच्ची दीवार गिरने से हादसा हो गया। इस घटना में एक व्यक्ति, उसकी बहन और दो बच्चे मलबे में दबकर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य कर सभी घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, आर्य नगर निवासी अजय कुमार कबाड़ का काम करते हैं । वे अपनी झुग्गी में मौजूद थे। उनके साथ सिरसा निवासी उनकी बहन शकुंतला (40) और अजय के दो बच्चे जेहान व तरुण भी थे। भारी बारिश के बीच झुग्गी के पास बनी दीवार अचानक ढह गई, जिससे ये सभी मलबे की चपेट में आ गए। तुरंत मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां शकुंतला को अधिक चोटें आई हैं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। दीवार गिरने से परिवार को आर्थिक नुकसान भी हुआ है। झुग्गी के पास रखा कूलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसे परिजनों ने कुछ दिन पहले ही किश्तों पर खरीदा था। इसके अतिरिक्त, घरेलू उपयोग का अन्य सामान भी टूट-फूट गया, जिससे हजारों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। जर्जर दीवारें बनीं है खतरा स्थानीय निवासियों ने बताया कि बरसात के मौसम में जर्जर और कमजोर दीवारें लगातार खतरा बनी हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे खतरनाक स्थानों का समय रहते सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

   

सम्बंधित खबर