फाजिल्का में AAP के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल:पार्टी पर उपेक्षा और वादों से पलटने के लगाए गंभीर आरोप, लड़ेंगे पार्षद चुनाव
- DSS Admin
- May 15, 2026
फाजिल्का नगर काउंसिल चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब पार्टी के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष और पूर्व पार्षद सोमा रानी के पति भजन लाल ने 'आप' को अलविदा कहकर कांग्रेस का हाथ थाम लिया। कांग्रेस के जिला कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पार्टी ऑब्जर्वर और स्थानीय नेताओं ने उन्हें सिरोपा भेंट कर पार्टी में शामिल किया। कांग्रेसी नेताओं ने दावा किया कि भजन लाल के आने से क्षेत्र में पार्टी को मजबूती मिलेगी और उन्हें कांग्रेस में पूरा मान-सत्कार दिया जाएगा। कांग्रेस में शामिल होने के बाद भजन लाल ने आम आदमी पार्टी की कार्यप्रणाली पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि 'आप' सरकार उन बुनियादी मुद्दों से भटक गई है, जिनके दम पर वह सत्ता में आई थी। भजन लाल ने कहा कि वीआईपी कल्चर खत्म करने, भ्रष्टाचार मिटाने, बेरोजगारों को भत्ता देने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने जैसे वादे केवल कागजों तक ही सीमित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह की फोटो लगाकर चलने वाली पार्टी ने जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की अनदेखी की और उन्हें दरकिनार कर दिया गया। कांग्रेस की नीतियों और विकास की बुनियाद पर जताया भरोसा भजन लाल ने कांग्रेस का दामन थामने के पीछे पार्टी की ऐतिहासिक नीतियों को मुख्य कारण बताया। उन्होंने कहा कि जो विकास की बुनियाद कांग्रेस पार्टी ने रखी है, उसे कोई और पार्टी नहीं हिला सकती। कर्मचारियों के जारी धरनों और बेरोजगारी का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि 'आप' सरकार के रवैये से जनता और कार्यकर्ता दोनों में भारी रोष है। भजन लाल ने स्पष्ट किया कि वे अब कांग्रेस की विचारधारा के साथ आगे बढ़ेंगे और शहर के विकास के लिए काम करेंगे। मेहनती कार्यकर्ता को संभाल नहीं पाई सत्ताधारी पार्टी: कांग्रेस इस अवसर पर मौजूद कांग्रेस ऑब्जर्वर धनजीत सिंह और नेता समरबीर सिंह ने कहा कि भजन लाल जैसे ईमानदार और मेहनती व्यक्ति को आम आदमी पार्टी संभाल नहीं पाई। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पार्टी को खड़ा करने के लिए खून-पसीना एक किया, उन्हें ही सरकार बनने के बाद अपमानित और उपेक्षित किया गया। समरबीर सिंह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से कार्यकर्ताओं की पार्टी रही है और भजन लाल का पार्टी में आना इस बात का सबूत है कि लोग अब 'आप' के झूठे दावों से ऊब चुके हैं। वार्ड नंबर 1 से लड़ेंगे चुनाव, जीत का किया बड़ा दावा राजनीतिक भविष्य की घोषणा करते हुए भजन लाल ने एलान किया कि वे फाजिल्का के वार्ड नंबर 1 से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि आगामी चुनावों में आम आदमी पार्टी की हवा भी नजर नहीं आएगी और कांग्रेस एकजुट होकर बड़ी जीत दर्ज करेगी। भजन लाल की पत्नी सोमा रानी पहले भी इस वार्ड से पार्षद रह चुकी हैं, ऐसे में उनका कांग्रेस में जाना स्थानीय समीकरणों को पूरी तरह बदल सकता है।

