फाजिल्का के दो सगे भाई सेना में भर्ती:ट्रेनिंग पूरी कर लौटे, फूलों से सजी जीप में पूरे गांव ने निकाला जुलूस
- Neha Gupta
- Jun 30, 2026
फाजिल्का जिले के लाधुका गांव के दो सगे भाइयों ने भारतीय सेना में भर्ती होकर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। सेना की ट्रेनिंग पूरी कर गांव लौटने पर दोनों भाइयों का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में गांववासी और परिवार के सदस्य लाधुका बस स्टैंड पर पहुंचे। इसके बाद दोनों भाइयों को फूलों से सजी जीप में बैठाकर पूरे गांव में सम्मानपूर्वक घुमाया गया और घर पहुंचने पर उनका जोरदार अभिनंदन किया गया। दोनों जवानों के पिता बलविंदर सिंह ने बताया कि उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। उनके बड़े बेटे दिलजीत सिंह और छोटे बेटे तलविंदर सिंह 8 दिसंबर 2025 को सेना की ट्रेनिंग के लिए गए थे। प्रशिक्षण के बाद दोनों घर लौटे अब प्रशिक्षण पूरा करने के बाद दोनों घर लौटे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों बेटों की शुरू से ही इच्छा थी कि वे अपने पिता की तरह देश सेवा करें और इसी लक्ष्य को लेकर उन्होंने सेना में भर्ती होने का फैसला किया। बलविंदर सिंह स्वयं भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने 11 सिख रेजिमेंट बटालियन में 18 वर्षों तक सेवा दी है। उन्होंने कहा कि सेना में मिले अनुशासन और संस्कार ही उन्होंने अपने बच्चों को दिए, जिसका परिणाम आज सबके सामने है। वर्तमान में वह फाजिल्का में भारतीय स्टेट बैंक में गनमैन के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि सेना की ट्रेनिंग पूरी करने वाले उनके दोनों बेटे टेक्निकल ट्रेड में नियुक्त हुए हैं। इनमें से एक टैंक ऑपरेटर है, जबकि दूसरा इलेक्ट्रिशियन के रूप में सेवाएं देगा। दोनों बेटों की उपलब्धि पर परिवार और पूरे गांव में खुशी का माहौल है।

