फाजिल्का में जत्थेदार ने पकड़ा ढोंगी बाबा:मोबाइल से मिली महिलाओं के अश्लील वीडियो, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग

फाजिल्का में एक कथित ढोंगी बाबा को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। निहंग सिंह जत्थेबंदी के जत्थेदार मनप्रीत सिंह द्वारा एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किए जाने के बाद मामला थाने पहुंच गया है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति महिलाओं और युवतियों को झांसे में लेकर उनका शारीरिक शोषण करता था। वहीं दूसरी ओर, आरोपी ने खुद पर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए खुद को साजिश का शिकार बताया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जत्थेदार मनप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान कृष्ण लाल निवासी गांव लालोवाली के रूप में हुई है, जो इन दिनों फाजिल्का बस स्टैंड के पीछे किराये के मकान में रह रहा था। आरोप है कि उसने मकान के एक कमरे में अपना डेरा और आसन लगाया हुआ था, जहां लोग घरेलू परेशानियों और बीमारियों के समाधान के लिए आते थे। मनप्रीत सिंह के अनुसार, कृष्ण लाल महिलाओं और युवतियों को अपने प्रभाव में लेकर उनके साथ अश्लील हरकतें करता था।उन्होंने दावा किया कि उनके पास आरोपी के मोबाइल से मिली कुछ अश्लील वीडियो भी हैं। मनप्रीत बोले- आरोपी को उसके ठिकाने से पकड़ा मनप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि शादीशुदा महिलाओं, कुंवारी लड़कियों और यहां तक कि नाबालिगों को भी बहाने से बुलाया जाता था। शिकायत मिलने के बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ आरोपी को उसके ठिकाने से पकड़ा। उनका कहना है कि आरोपी ने बाद में अपनी गलती स्वीकार करते हुए पीड़ित पक्ष से धर्म की आड़ में लिए गए एक लाख सात हजार रुपये लौटाने की बात कही थी और कुछ चेक भी दिए थे। मनप्रीत सिंह ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो निहंग सिंह जत्थेबंदी हाईवे जाम कर प्रदर्शन करेगी। पीड़ित बोला- समाधान के लिए बाबा के पास आता था वहीं पीड़ित पक्ष से जुड़े एक युवक ने बताया कि वह अपनी घरेलू परेशानियों के समाधान के लिए बाबा के पास आता-जाता था। उसकी छोटी बहन काफी समय से बीमार रहती थी, जिसके चलते बाबा ने उसे अपनी बहन को साथ लाने के लिए कहा। युवक के अनुसार, जब वह अपनी बहन को लेकर आरोपी के पास पहुंचा तो आरोपी ने किसी धार्मिक प्रक्रिया के बहाने उसे बाहर भेज दिया और लड़की को कमरे में रोक लिया। युवक का आरोप है कि करीब एक घंटे बाद जब उसकी बहन बाहर आई तो वह डरी हुई थी और बाद में उसने बताया कि आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकत की और वीडियो भी बनाई।दूसरी ओर, कृष्ण लाल ने इन आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि लोग घरेलू क्लेश और समस्याओं के समाधान के लिए उसके पास आते थे। उसने आरोप लगाया कि जत्थेदार मनप्रीत सिंह और कुछ अन्य लोगों ने उसके किराये के मकान पर पहुंचकर उसके साथ मारपीट की और उससे चार लाख रुपये की मांग की। कृष्ण लाल का कहना है कि उससे जबरन ब्लैंक चेक भी लिए गए हैं। उसने यह भी कहा कि उसके मोबाइल में निजी वीडियो थीं, जिनका गलत इस्तेमाल कर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर