फाजिल्का में खेत में पड़ा मिला विदेशी पिस्तौल:मजदूर ने मालिक को दी सूचना; पुलिस पाकिस्तान लिंक खंगालने में जुटी

फाजिल्का जिले के जलालाबाद क्षेत्र में थाना सदर पुलिस को एक खेत से पिस्तौल और दो मैगजीन बरामद हुई हैं। यह बरामदगी सरहदी इलाके के गांव फत्तूवाला में हुई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि हथियार सीमा पार से भी आ सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। थाना सदर जलालाबाद के एसएचओ जुगराज सिंह ने बताया कि यह मामला परमजीत सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी जोधा भैनी के बयानों के आधार पर दर्ज किया गया है। परमजीत सिंह ढाणी मांग सिंह इलाके में किसान प्रतीक सिंह के खेतों में काम करता है। वह रोजाना की तरह खेत में काम करने गया था। इसी दौरान उसकी नजर खेत में पड़े एक पिस्तौल और दो मैगजीन पर पड़ी। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लिया हथियार देखकर उसने तुरंत इसकी जानकारी अपने मालिक प्रतीक सिंह को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पिस्तौल तथा दोनों मैगजीन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद पिस्तौल पर “मेड इन ऑस्ट्रिया” अंकित है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हथियार खेत में कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं। एसएचओ ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। आसपास के क्षेत्र में भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले से जुड़े लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर