अमेरिका भेजने के नाम पर 42.60 लाख की ठगी:अवैध तरीके से सीमा पार करवाई, पकड़ा गया युवक; फाजिल्का में दो आरोपियों पर केस

फाजिल्का जिले के गांव लाधुका निवासी एक युवक को अमेरिका भेजने के नाम पर 42 लाख 60 हजार रुपये की कथित ठगी करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपियों ने वैध वीजा पर अमेरिका भेजने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में युवक को अवैध तरीके से सीमा पार करवाई गई, जहां उसे अमेरिकी अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया। सजा पूरी करने के बाद उसे भारत डिपोर्ट कर दिया गया। सदर थाना फाजिल्का के एसएचओ हरदेव सिंह बेदी ने बताया कि नरेश सिंह पुत्र काला सिंह निवासी लाधुका की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसके पिता काला सिंह ने उसे अमेरिका भेजने के लिए गुरजंट सिंह और मंगत सिंह को 42 लाख 60 हजार रुपये दिए थे। आरोपियों ने तीन महीने के भीतर अमेरिका भेजने का वादा किया था। नरेश सिंह के अनुसार, आरोपियों ने उसे वैध तरीके से अमेरिका भेजने का भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में उसे विभिन्न देशों के रास्ते अवैध रूप से अमेरिका पहुंचाया गया। उसने आरोप लगाया कि गुरजंट सिंह का भाई अमेरिका में रहता है और उसी के माध्यम से उसे विदेश भेजने की योजना बनाई गई थी। अमेरिका के जेल में रहा पीड़ित शिकायत में कहा गया है कि एजेंटों और तथाकथित “डंकरों” की मदद से उसे जंगलों और अन्य देशों के रास्तों से होते हुए मैक्सिको के पिएद्रास नेग्रास क्षेत्र से अमेरिका के ईगल पास, टेक्सास में नदी पार कर अवैध रूप से दाखिल करवाया गया। अमेरिका पहुंचने के तुरंत बाद उसे वहां की बॉर्डर पेट्रोल एजेंसियों ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे जेल भेजा गया और टेक्सास की अदालत में पेश किया गया, जहां गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में प्रवेश करने के आरोप में 14 दिन की सजा सुनाई गई। सजा पूरी होने के बाद उसे इमिग्रेशन कैंप में रखा गया और करीब पांच महीने बाद भारत वापस डिपोर्ट कर दिया गया। नरेश सिंह का आरोप है कि भारत लौटने के बाद उसने और उसके परिवार ने आरोपियों से रकम वापस मांगने का प्रयास किया। इस संबंध में पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने गुरजंट सिंह और मंगत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

   

सम्बंधित खबर