महंगाई के विरोध में कांग्रेस सड़क पर उतरी:होशियारपुर में साइकिल रैली निकाली, सरकारों की नीतियों को बताया जनविरोधी
- Neha Gupta
- May 30, 2026
होशियारपुर में कांग्रेस पार्टी ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में एक विशाल साइकिल रैली निकाली। पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के नेतृत्व में यह प्रदर्शन केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ किया गया। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम नागरिक शामिल हुए। रैली की शुरुआत होशियारपुर बस स्टैंड के पास एक पेट्रोल पंप से हुई, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। इसके बाद कार्यकर्ता साइकिलों पर सवार होकर श्री राम चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, लव-कुश मार्ग, कश्मीरी बाजार, घंटाघर चौक, गौरा गेट और बहादुरपुर चौक से होते हुए शिमला पहाड़ी चौक पहुंचे। यहीं पर रैली का समापन किया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकारों की आलोचना की इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने केंद्र और राज्य सरकारों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता बढ़ती महंगाई से परेशान है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से परिवहन खर्च बढ़ गया है, जिसका सीधा असर खाद्य पदार्थों, घरेलू सामान और रोजमर्रा की वस्तुओं पर पड़ रहा है। अरोड़ा ने आरोप लगाया कि सरकारें जनता को राहत देने में विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि गलत आर्थिक नीतियों और जनविरोधी फैसलों के कारण आज हर वर्ग परेशान है। बढ़ती महंगाई से लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है और आम नागरिकों का जीवन कठिन हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी आम लोगों के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी। अरोड़ा ने चेतावनी दी कि यदि सरकारों ने महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगी।

