भास्कर न्यूज | जालंधर गुरमत शिक्षा सभा का गुरमत समागम छठे पातशाह श्री गुरु हरिगोबिंद साहिब जी के प्रकाश पर्व को समर्पित रहा। अकाली रछपाल सिंह, अकाली मनबीर सिंह, जसमीत सिंह सीए, ज्ञानी तरसेम सिंह, साहिब सिंह लखना, कुलविंदर सिंह और मनमीत सिंह के नेतृत्व में संचालित यह संस्था बच्चों को नितनेम, गुरबाणी पाठ, कीर्तन, तबला, हारमोनियम तथा कथा-विचारों का प्रशिक्षण प्रदान करती है। गुरुद्वारा छठी पातशाही बस्ती शेख में करवाए गए इस गुरमत समागम में 120 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेते हुए कीर्तन, कथा-विचार, व्याख्यान, कविताएं और गुरबाणी शब्द प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया तथा गुरु रूप संगत से बुलंद जयकारों के रूप में आशीर्वाद प्राप्त किया। सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार भी वितरित किए गए। इस अवसर पर सहज पाठ के भोग डाले गए। प्रधान गुरकृपाल सिंह ने गुरमत शिक्षा सभा सदस्यों द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना करते हुए शिक्षार्थियों एवं संगत का धन्यवाद किया। यहां चेयरमैन कोर कमेटी हरजीत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दविंदर सिंह रहेजा, सतिंदरपाल सिंह छाबड़ा, गुरमीत सिंह, सचिव इंद्रपाल सिंह, जगजीत सिंह, गुरजीत सिंह पोपली, हरबंस सिंह, अमनजीत सिंह भोला छाबड़ा, सतपाल सिंह मौजूद थे।

