जालंधर में नगर निगम की खड़ी ट्राली से टकराई बाइक:कृष्णा गंभीर रूप से घायल, मौका पाकर आरोपी चालक हुआ फरार, जांच शुरू
- DSS Admin
- Jun 13, 2026
जालंधर के शेखों ग्रैंड होटल के पास एक सड़क हादसा हो गया। जहां सड़क पर खड़ी नगर निगम की एक ट्राली से तेज रफ्तार बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार नौजवान, जिसकी पहचान कृष्णा के रूप में हुई है, गंभीर रूप से घायल हो गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्राली के नीचे जा घुसी। घटना के बाद ट्राली में सवार तीन युवक और चालक मौके से फरार हो गए। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह दुर्घटना जालंधर के शेखों ग्रैंड होटल के नजदीकी इलाके में घटित हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर निगम की एक ट्राली काफी समय से सड़क के किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सीधे ट्राली से जा टकराई। बाइक सवार कृष्णा को गंभीर चोटें आईं टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल का अगला हिस्सा ट्राली के नीचे फंस गया और बाइक सवार कृष्णा को गंभीर चोटें आईं। हादसे के वक्त ट्राली में तीन अन्य नौजवान भी मौजूद थे, जो दुर्घटना के तुरंत बाद ट्राली को वहीं छोड़कर मौके से भाग निकले। चश्मदीद साहिल ने बताया कि वह पास ही स्थित कोट महिंदरा ब्रांच में मौजूद था, तभी अचानक उसे एक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब वह बाहर आया तो उसने देखा कि एक भयानक एक्सीडेंट हुआ है और ट्राली चालक व उसके साथी फरार हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने बाइक सवार को हास्पिटल ले गए इसके बाद साहिल और पास के टैक्सी स्टैंड पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाई। उन्होंने घायल कृष्णा को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाने के इंतजाम में जुट गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। टैक्सी स्टैंड चलाने वाले राजकुमार ने बताया कि सड़क पर गलत तरीके से खड़ी ट्राली के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्होंने एम्बुलेंस को फोन किया था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, तो उनके बेटे और अन्य साथियों ने निजी वाहन से घायल युवक को सिविल अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम मामले की जांच कर रहे एएसआई जोरावर ने बताया कि वह थाना नंबर 3 में अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी उन्होंने रास्ते में इस हादसे को देखा। राहगीरों से पूछताछ में सामने आया है कि बाइक सवार अपनी सही दिशा में ही जा रहा था, लेकिन उसकी गति बहुत अधिक थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी पुलिस अधिकारियों का भी यही कहना है कि दुर्घटना में दोनों वाहन चालकों की गलती नजर आ रही है। फिलहाल घायल युवक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उसका भाई भी अस्पताल पहुंच चुका है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

