जालंधर में इनोवा ने पेड़ और खंभे को मारी टक्कर:घर का भारी गेट तोड़कर सड़क पर पलटी, चालक सुरक्षित

जालंधर के डिफेंस कॉलोनी स्थित सेंट जोसेफ स्कूल के पास एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ एक अनियंत्रित इनोवा कार पहले एक पेड़ और बिजली के खंभे से टकराई, जिसके बाद वह एक घर का मुख्य गेट तोड़ते हुए सड़क पर पलट गई। इस हादसे में कार चालक गंभीर रूप से वाहन के भीतर फंस गया था, जिसे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस जबरदस्त टक्कर के बावजूद चालक की जान बच गई। पुलिस की प्राथमिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है, हालांकि स्थानीय स्तर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सेंट जोसेफ स्कूल के समीप हुआ। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सीधे एक घर के मुख्य द्वार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर का लोहे का गेट पूरी तरह टूट गया और कार बीच सड़क पर पलट गई। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने देखा कि कार के भीतर चालक फंसा हुआ था और मदद के लिए पुकार रहा था। राहगीर अंकुश और अन्य स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाई और काफी मेहनत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त गाड़ी से बाहर निकाला। अनियंत्रित होकर गाड़ी पहले एक पेड़ से टकराई घटना के बारे में जानकारी देते हुए राहगीर अंकुश ने बताया कि यह एक ऑटोमैटिक गाड़ी थी। चालक से अचानक रेस (एक्सेलेरेटर) ज्यादा दब गई, जिससे गाड़ी नियंत्रण से बाहर हो गई। अनियंत्रित होकर गाड़ी पहले एक पेड़ से टकराई और फिर बिजली के पोल को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद वह घर के गेट को तोड़ती हुई पलट गई। घर के छत पर बैठी थी जिस घर का गेट टूटा, उसकी मालकिन भजन कौर ने बताया कि वह उस समय छत पर बैठी हुई थीं। अचानक हुए इस धमाके और हादसे को देखकर वह बुरी तरह घबरा गईं। उनके पड़ोसी अभीअमृत सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चालक संभवतः नशे की हालत में था और वह किसी शादी समारोह से लौट रहा था। घटना की सूचना मिलते ही मौैकेे पर पुलिस पहुंची सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। एएसआई प्रेमनाथ ने बताया कि कार चालक की पहचान एक ढाबा मालिक के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान चालक ने स्वीकार किया कि उसे नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण उसने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। फिलहाल, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है। एएसआई प्रेमनाथ के अनुसार, मामले की जानकारी संबंधित थाना क्षेत्र को दे दी गई है और पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या चालक शराब के प्रभाव में था। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

   

सम्बंधित खबर