जालंधर के लग्जरी ट्रेड स्टूडियो में लगी आग:फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों ने पाया काबू, बड़ा हादसा टला
- Neha Gupta
- May 30, 2026
जालंधर के दयोल नगर स्थित बूटा मंडी में लग्जरी ट्रेड स्टूडियो की बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। आग लगने से बाजार में अफरातफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग और भड़क गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। दुकानदार अनमोल ने बताया कि वे गोदाम में बैठे थे, तभी अचानक बिल्डिंग से धुआं निकलने लगा। यह देखकर वे तुरंत बिल्डिंग में पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुट गई। अनमोल के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। आग पर काबू पाने के लिए शीशे तोड़े गए मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के रजिंदर सोहता ने बताया कि उन्हें दुकान की दूसरी मंजिल में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। घटना के समय दुकान खुली हुई थी। आग पर काबू पाने के लिए बोर्ड हटाए गए और शीशे तोड़े गए। सोहता ने आगे बताया कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है और इसके लिए चार दमकल गाड़ियों का इस्तेमाल किया गया। दमकल विभाग के कर्मी ने कहा कि उनकी अभी तक दुकान मालिक से कोई बात नहीं हुई है। इस घटना में किसी भी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।

