जालंधर में नशेड़ियों ने बुजुर्ग को बेहोश कर पैसे लूटे:भड़के स्थानीय लोगों ने दो चोरों को रंगे हाथों पकड़ पुलिस को सौंपा

जालंधर के फगवाड़ा गेट के पास नशे के आदी दो युवकों ने एक बुजुर्ग को अपनी ठगी का शिकार बनाया। आरोपियों ने पहले बुजुर्ग को अपनी बातों में उलझाया, फिर उनके पैर दबाने के बहाने उन्हें बेहोश कर दिया और उनकी जेब से करीब 35 से 40 हजार रुपये निकाल कर भागने लगे। हालांकि, मुस्तैद स्थानीय लोगों और पीड़ित के रिश्तेदारों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस प्रशासन की सुस्ती पर गंभीर सवाल उठाए हैं, क्योंकि घटना के काफी देर बाद तक भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पकड़े गए दोनों युवक 'चिट्टे' (एक प्रकार का घातक ड्रग्स) के नशे के आदी हैं। इन्होंने रास्ते से गुजर रहे एक बुजुर्ग को निशाना बनाया। चोरों ने पहले बुजुर्ग से बातचीत शुरू की और फिर उनके पैर दबाने (मालिश करने) का नाटक करने लगे। इसी दौरान उन्होंने बुजुर्ग को कोई नशीली चीज सुंघा दी या उनके साथ मारपीट की, जिससे बुजुर्ग मौके पर ही बेहोश हो गए। दोनो युवको ने जेब से निकाले पैसे बुजुर्ग के बेहोश होते ही दोनों युवकों ने उनकी जेब में रखे लगभग 35,000 से 40,000 रुपये साफ कर दिए। वारदात को अंजाम देकर जब आरोपी भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी वहां मौजूद लोगों और पीड़ित के भाई को शक हो गया। उन्होंने तुरंत भाग रहे दोनों लड़कों को दौड़ाकर दबोच लिया। स्थानीय लोगों ने जब सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाली, तो उसमें भी इन दोनों आरोपियों की करतूत साफ नजर आ रही थी। नशे की लत को पूरा करने के लिए करते है चोरियां पकड़े जाने के बाद दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने माना कि वे नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरियां और झपटमारी करते हैं। इस घटना के बाद बाजार के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों में भारी गुस्सा देखा गया। लोगों का कहना है कि शहर में जगह-जगह पुलिस के नाके लगे होने के बावजूद ऐसी वारदातें हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वारदात के तुरंत बाद पुलिस को फोन कर सूचित किया गया था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जनता ने खुद आरोपियों को पकड़कर एक जगह बिठाए रखा। लोगों का कहना है कि जब रंगे हाथों चोर पकड़े जा रहे हैं, तब भी पुलिस ढीला रवैया अपना रही है। फिलहाल, लोगों ने दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दूी है।

   

सम्बंधित खबर