धोखाधड़ी से आहत व्यक्ति ने की सुसाइड की कोशिश

भास्कर न्यूज | जालंधर श्री गुरु रविदास चौक पर वीरवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब कोट सदीक निवासी सोनू नामक एक व्यक्ति ने खुदकुशी की कोशिश की। सोनू हाथ में डीजल की कैन लेकर चौक पर पहुंचा और अपने ऊपर तेल उड़ेल लिया। इससे पहले कि वह कोई आत्मघाती कदम उठा पाता, वहां तैनात सब-इंस्पेक्टर नत्थू सभ्रवाल और पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर भार्गव कैंप थाने पहुंचाया। पेशे से ड्राइवर सोनू ने पुलिस को दिए बयान में रिपन नामक एक प्रॉपर्टी डीलर पर धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। सोनू के मुताबिक, करीब तीन साल पहले उन्होंने मॉडल हाउस के रहने वाले इस डीलर से कोट सदीक की जेई कॉलोनी में ढाई मरले का एक प्लॉट किश्तों पर खरीदा था। सौदे के तहत तय 36 किश्तों में से वे 9 हजार रुपये प्रति माह के हिसाब से 32-33 किश्तें (4 लाख रुपये से ज्यादा) चुका चुके थे। शुरुआती बयाना और एग्रीमेंट सोनू के नाम पर ही था और इसके लिए उन्होंने अपने चेक व तस्वीरें भी डीलर को दी थीं। घर से कागज गायब होने पर खुला खेल विवाद तब शुरू हुआ जब किश्तें खत्म होने के करीब आने पर सोनू को घर से बयाने के असली दस्तावेज नहीं मिले। डीलर से संपर्क करने पर उसने टालमटोल की। बाद में सोनू को पता चला कि डीलर ने कथित तौर पर हेरफेर करके उस प्लॉट की रजिस्ट्री चुपके से सोनू की पत्नी के नाम पर ट्रांसफर कर दी है। जब सोनू इस धोखाधड़ी का विरोध करने डीलर के दफ्तर पहुंचे, तो वहां मौजूद दीपक और अन्य कारिंदों ने उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें धक्के मारकर बाहर निकाल दिया। डीलर का तर्क था कि कुछ किश्तें पत्नी और बेटा देने आए थे, इसलिए रजिस्ट्री पत्नी के नाम की गई। पीड़ित ने घटना से एक रात पहले 112 हेल्पलाइन पर भी शिकायत दी थी। फिलहाल, भार्गव कैंप पुलिस ने सोनू के बयान दर्ज कर 'रिपन ड्रीम होम' प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ कानूनी जांच शुरू कर दी है।

   

सम्बंधित खबर