जालंधर| आउटसोर्स इंप्लाइज फेडरेशन पंजाब (पीएसपीसीएल) की राज्य समिति की आपात बैठक राज्य प्रधान कुलजीत सिंह लौहका की अगुवाई में हुई। बैठक में पंजाब सरकार और पीएसपीसीएल प्रबंधन के साथ 24 मई 2026 को हुए समझौते की स्थिति पर चर्चा की गई। फेडरेशन ने कहा कि 15 जून 2026 तक सभी आउटसोर्स कर्मियों को विभाग में सीधे अनुबंध पर लेने और वेतन में उचित बढ़ोतरी का भरोसा दिया गया था, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। समिति ने प्रबंधन पर ढिलाई और गैर-गंभीरता का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार बैठकों के जरिए समय बिताया जा रहा है। फेडरेशन के अनुसार, प्रबंधन अब एक अध्यादेश के आधार पर नई नीति का हवाला देकर समायोजन की बात कर रहा है, जिसे संगठन ने वादा-खिलाफी बताया। फेडरेशन ने निर्णय लिया कि 15 जून तक कार्रवाई पूरी नहीं होती तो 16 जून से आउटसोर्स कर्मचारी काम बंद कर प्रदर्शन करेंगे। 17 जून को पटियाला में राज्यस्तरीय पक्का धरना देने की घोषणा की गई। बैठक में तरणजीत सिंह, अमित कुमार शर्मा, तरनदीप सिंह विर्दी, विशाल शर्मा, अमनदीप सिंह, पवनदीप सिंह पट्टी, अश्वनी कुमार, दविंदर सिंह मौजूद थे।

