भास्कर न्यूज़| जालंधर डॉ. बी. आर. अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जालंधर परिसर में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संस्थान के प्राध्यापकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य योग के माध्यम से अच्छे स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के दौरान आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के योग विशेषज्ञ दविंदर कुमार के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। उन्होंने नियमित योग से होने वाले शारीरिक व मानसिक लाभों पर जानकारी दी।

