बोरवेल में गिरा 3 साल का बच्चा:होशियारपुर में घर के पास खेतों में खेल रहा था, रेस्क्यू में जुटीं टीमें
- DSS Admin
- May 15, 2026
होशियारपुर में 3 साल का एक बच्चा खेलते समय बोरवेल में गिर गया। घटना का पता चलते ही गांव के लोग मौके पर जुट गए और बच्चे को बचाने की कोशिश शुरू कर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस और रेस्क्यू टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। मामला गांव भेखोवाल का है। लोगों के अनुसार, घटना शाम करीब 4 बजे के बाद हुई। बच्चा घर के बाहर खेतों में खेल रहा था, तभी वह अचानक खुले बोरवेल के गड्ढे में गिर गया। गांव वालों ने बताया कि राहत की बात यह है कि बच्चा सीधे नीचे गिरा है और अंदर से उसकी हलचल महसूस हो रही है। इसी वजह से लोगों को उम्मीद है कि उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा। घटना के बाद जिला प्रशासन और समाजसेवी संस्थाओं ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू कर दिया। बाबा दीप सिंह सेवा दल के प्रमुख भाई मनजोत सिंह तलवंडी की टीम भी प्रशासन के साथ मिलकर बच्चे को बाहर निकालने में जुटी हुई है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। खबर को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं…

