खाली प्लाट में डाला सीवरेज का पानी

भास्कर न्यूज | जालंधर शहर की एक घनी आबादी वाली कॉलोनी स्वर्ण पार्क में नगर निगम के मुलाजिमों नेैै बड़ी लापरवाही दिखाई है। यहां सीवरेज सफाई करने आए निगम कर्मचारी नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए गंदा पानी आबादी के बीच स्थित एक खाली प्लाट में फेंक रहे थे। जब प्लॉट मालिक ने मौके पर पहुंचकर इसका कड़ा विरोध किया, तो अपनी गाड़ी लेकर वहां से चले गए। मिली जानकारी के अनुसार, निगम के मुलाजिम पहले तो सरकारी गाड़ी (सकिंग मशीन) से सीवरेज गंदा पानी भरते हैं। नियम के मुताबिक इस दूषित पानी को शहर से बाहर निर्धारित डंपिंग ग्राउंड या ट्रीटमेंट प्लांट में खाली करना होता है। लेकिन अपनी मेहनत और समय बचाने के चक्कर में इन कर्मचारियों ने शॉर्टकट अपनाया और इस गंदे पानी को कॉलोनी के अंदर ही बने एक निजी खाली प्लाट में बहाना शुरू कर दिया। जैसे ही प्लॉट मालिक को इसकी भनक लगी, वह तुरंत मौके पर पहुंचा। जब उसने रिहायशी इलाके में इस तरह गंदगी फैलाने और बीमारी को न्योता देने पर विरोध जताया। तो कॉलोनी के अन्य लोगों को इकट्ठा होता देख मुलाजिम आनन-फानन में गाड़ी लेकर वहां से चले गए। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में निगम प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है और उन्होंने उच्च अधिकारियों से इन लापरवाह मुलाजिमों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

   

सम्बंधित खबर