कपूरथला में नशा तस्करों और पुलिस में मुठभेड़:फायरिंग में पूर्व सरपंच जख्मी, एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा फरार, चला सर्च ऑपरेशन
- DSS Admin
- May 15, 2026
कपूरथला जिले के बेगोवाल में शुक्रवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब नशा तस्करों और सीआईए (CIA) पुलिस टीम के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। अपराधियों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग के दौरान सब्जी खरीद रहे एक पूर्व सरपंच छर्रे लगने से घायल हो गए। पुलिस ने साहस का परिचय देते हुए घेराबंदी कर एक तस्कर को भारी मात्रा में नशे की खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दो किमी तक पीछा किया सीआईए ने जानकारी के अनुसार, सीआईए टीम को नशे की एक बड़ी खेप की तस्करी की सटीक सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम पिछले दो घंटे से तस्करों का पीछा कर रही थी। जैसे ही तस्करों की गाड़ी बेगोवाल के व्यस्त सत्गुरु राखा चौक पर पहुँची, खुद को घिरा देख तस्करों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चौक पर करीब पांच से छह राउंड फायर हुए, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-बधर भागने लगे। सब्जी खरीद रहे पूर्व सरपंच आए फायरिंग की चपेट में मुठभेड़ के दौरान एक निर्दोष नागरिक इस हिंसा का शिकार हो गया। गांव नडाली के पूर्व सरपंच सतपाल सिंह, जो उस समय चौक पर सब्जी खरीद रहे थे, तस्करों द्वारा चलाई गई गोली के छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत लहूलुहान हालत में बेगोवाल के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने स्थानीय निवासियों में रोष पैदा कर दिया है। फरार आरोपी की तलाश में दी जा रही दबिश मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया, जिसकी पहचान की जा रही है। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में नशे की व्यावसायिक खेप (Commercial Quantity) बरामद हुई है। हालांकि, मुठभेड़ का फायदा उठाकर उसका दूसरा साथी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। नाका बंदी कर चलाया जा रहा चल सर्च ऑपरेशन एसएसपी गौरव तूरा और एसपी-डी हरिंदर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गए। एसएसपी ने बताया कि फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए जिले के सभी निकास द्वारों पर नाकाबंदी कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ के जरिए इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। पुलिस ने जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

