कपूरथला में पूर्व सरपंच के घर चोरी:खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे; जेवर और कैश ले गए
- DSS Admin
- May 22, 2026
कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी स्थित गाजीपुर कॉलोनी में एक पूर्व सरपंच के घर चोरी हो गई। चोर लाखों रुपए के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। यह घटना क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक वारदातों के बीच हुई है। पीड़ित पूर्व सरपंच हरजिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह घर का सामान बिखरा हुआ मिलने पर चोरी का पता चला। जांच में घर से लगभग 8 से 9 तोले सोना और करीब 10 हजार रुपए नकद गायब मिले। चोर घर के पिछले कमरे की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे थे। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर लोधी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। सरपंच बोले- गांव में घूमते रहते है संदिग्ध लोग गांव के सरपंच ने बताया कि इलाके में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने हाल ही में गांव की एक दुकान से दिनदहाड़े 35 हजार रुपए की लूट का भी जिक्र किया। सरपंच के अनुसार, बिना नंबर प्लेट वाली बाइकों पर संदिग्ध लोग गांव में घूमते रहते हैं, और कई बार 20 से 25 युवकों के समूह को श्मशान घाट के पास देखा गया है। ग्रामीण बोले- पुलिस द्वारा बढ़ाई जाए गस्त ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

